टोहाना,जाखल,14 अगस्त,2026 (संजीव शर्मा) राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर जाखल रेलवे स्टेशन पर निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी-167) एवं रेलवे अंडरब्रिज (आरयूबी-169) के कारण जाखल अनाज मंडी की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग के बंद होने से उत्पन्न समस्या के समाधान की मांग की। इस संबंध में उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री को पत्र सौंपकर किसानों, आढ़तियों और राइस मिलर्स की सुविधा के लिए वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध करवाने का आग्रह किया।

सांसद बराला ने बताया कि जाखल रेलवे स्टेशन पर आरओबी-167 का निर्माण कार्य चल रहा है तथा आरयूबी -169 का कार्य भी प्रगति पर है। निर्माण कार्य के चलते जाखल अनाज मंडी की ओर जाने वाला मुख्य मार्ग पूरी तरह बंद है। वर्तमान में उपलब्ध छोटा मार्ग बड़े ट्रैक्टर-ट्रॉलियों तथा धान से भरे वाहनों की आवाजाही के लिए पर्याप्त नहीं है।
उन्होंने कहा कि सितंबर माह से धान की आवक शुरू होने वाली है। यदि समय रहते वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध नहीं करवाया गया तो किसानों, आढ़तियों और राइस मिलर्स को भारी परेशानी के साथ आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ सकता है। साथ ही अनाज मंडी का कार्य भी प्रभावित होने की आशंका है।
सांसद सुभाष बराला ने केंद्रीय रेल मंत्री से जनहित एवं किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आरओबी -167 के निर्माणाधीन पुल के नीचे अस्थायी रूप से रेत अथवा अन्य उपयुक्त सामग्री डालकर बड़े वाहनों की आवाजाही के लिए वैकल्पिक मार्ग शीघ्र उपलब्ध करवाने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि इससे धान की आवक के दौरान किसानों और मंडी से जुड़े लोगों को राहत मिलेगी तथा मंडी का कार्य सुचारू रूप से संचालित हो सकेगा।
सांसद ने उम्मीद जताई कि रेल मंत्रालय द्वारा मामले में शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करते हुए जाखल अनाज मंडी के लिए वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की जाएगी।






