हरियाणा ,26 अगस्त,2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने बताया कि राज्य सरकार ने प्रदेश में कपास की पैदावार बढ़ाने और फसलों को कीटों से सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से सूक्ष्म पोषक तत्वों और एकीकृत कीट प्रबंधन को अपनाने वाले किसानों को वित्तीय सब्सिडी देने का निर्णय लिया है। इस विशेष योजना के तहत प्रदेश के कपास उत्पादक किसान अधिकतम 4,000 रुपये तक की सब्सिडी प्राप्त कर सकते हैं।
श्री राणा ने बताया कि किसानों को सूक्ष्म पोषक तत्वों और एकीकृत कीट प्रबंधन संबंधी कृषि सामग्री की खरीद पर 50 प्रतिशत या 2,000 रुपये प्रति एकड़ (जो भी कम हो) के हिसाब से सब्सिडी दी जाएगी। इसकी अधिकतम सीमा दो एकड़ निर्धारित की गई है।
उन्होंने बताया कि किसानों को कृषि सामग्री चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार की सिफारिशों के अनुसार ही अर्ध-सरकारी संस्थानों, सहकारी समितियों या अधिकृत विक्रेताओं से खरीदनी होगी। इसके बाद सब्सिडी का लाभ लेने के लिए किसानों को अपनी खरीद के बिल कृषि विभाग के अधिकृत पोर्टल www.agriharyana.gov.in पर अपलोड करने होंगे।
कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ने आगे बताया कि विभाग द्वारा बिल अपलोड करने की अंतिम तिथि 15 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। उन्होंने पात्र किसानों से समय रहते इस योजना का लाभ उठाने की अपील की है। किसी भी प्रकार की सहायता या विस्तृत जानकारी के लिए किसान टोल-फ्री नंबर 1800-180-2117 या अपने संबंधित जिले के उप-कृषि निदेशक से संपर्क कर सकते हैं।