करनाल, 26 अगस्त,2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सा सेवाओं को और अधिक मजबूत एवं सुलभ बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने करनाल जिले के तीन गांवों में नए सब-हेल्थ सेंटर खोलने तथा गुरुग्राम जिले के दौलताबाद स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को कम्युनिटी हेल्थ सेंटर में अपग्रेड करने के महत्वपूर्ण प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
इस फैसले की जानकारी साझा करते हुए प्रदेश की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री ने करनाल जिले के चांद समंद, खिराजपुर और नलवी कलां गांवों में एक-एक नया उप-स्वास्थ्य केंद्र स्थापित करने की सैद्धांतिक मंजूरी दी है। इन केंद्रों के खुलने से स्थानीय ग्रामीणों को अपने घर के नजदीक ही प्राथमिक उपचार और बुनियादी स्वास्थ्य जांच की सुविधाएं मिल सकेंगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि स्वास्थ्य ढांचे के विस्तार के तहत गुरुग्राम जिले के दौलताबाद गांव स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को कम्युनिटी हेल्थ सेंटर में अपग्रेड करने की भी मंजूरी दी गई है। PHC के अपग्रेड होने से आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों को विशेषज्ञ डॉक्टरों, आधुनिक जांच सुविधाओं, बेहतर आपातकालीन सेवाओं और अधिक बेड की सुविधा मिल सकेगी। इससे गंभीर बीमारियों के प्राथमिक उपचार के लिए लोगों को दूर स्थित बड़े अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
आरती सिंह राव ने कहा कि राज्य सरकार का यह फैसला ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के नेटवर्क को मजबूत करने में मील का पत्थर साबित होगा। प्राथमिक और सामुदायिक स्तर पर स्वास्थ्य ढांचे के मजबूत होने से जिला स्तर के अस्पतालों पर मरीजों का दबाव कम होगा और आम लोगों को अपने क्षेत्र में ही समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध हो सकेगा।






