हरियाणा , 29 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा सरकार के बागवानी विभाग के तहत बागवानी प्रशिक्षण संस्थान, उचानी (करनाल) द्वारा अक्टूबर 2026 में विभिन्न बागवानी विषयों पर पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भाग लेने के इच्छुक हरियाणा के सभी जिलों के उम्मीदवार बागवानी विभाग की आधिकारिक वेबसाइट kaushal.hortharyana.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि आवेदक की न्यूनतम आयु 18 वर्ष होनी चाहिए और उम्मीदवारों का चयन ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर किया जाएगा। पंजीकृत उम्मीदवारों को प्रशिक्षण के लिए आते समय अपना आधार कार्ड, बैंक पासबुक और पैन कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा।
योजना के तहत प्रशिक्षुओं को बस किराया डीबीटी (DBT) के माध्यम से दिया जाएगा, जबकि प्रशिक्षण के दौरान उनके रहने और भोजन की व्यवस्था पूरी तरह नि:शुल्क रहेगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिन उम्मीदवारों ने पहले इन विषयों पर प्रशिक्षण प्राप्त कर लिया है, वे दोबारा उसी विषय के लिए पंजीकरण न करवाएं।
अक्टूबर माह में आयोजित होने वाले प्रशिक्षण कार्यक्रमों में पहला प्रशिक्षण “फलों और सब्जियों में प्रसंस्करण, संरक्षण और मूल्य संवर्धन (Value Addition)” विषय पर 5 से 9 अक्टूबर तक आयोजित होगा। इसकी 40 सीटों के लिए पंजीकरण 28 सितंबर (सुबह 10:00 बजे) से 4 अक्टूबर (शाम 5:00 बजे) तक खुला रहेगा।
दूसरा कार्यक्रम “फल उत्पादन तकनीक” 12 से 16 अक्टूबर के बीच आयोजित किया जाएगा। इसके लिए 40 सीटों पर आवेदन 28 सितंबर से 11 अक्टूबर (शाम 5:00 बजे) तक किए जा सकेंगे।
इसी अवधि में 12 से 16 अक्टूबर तक “Nursery Management as per HHN Rules-2026” विषय पर 20 सीटों के लिए प्रशिक्षण आयोजित होगा। इसके लिए आवेदन 5 अक्टूबर से 9 अक्टूबर (शाम 5:00 बजे) तक स्वीकार किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि इसके बाद “सब्जियों और फूलों की संरक्षित खेती तथा पॉली हाउस प्रबंधन” विषय पर 19 से 23 अक्टूबर तक 40 सीटों के लिए प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। इसके लिए पंजीकरण 5 अक्टूबर से 18 अक्टूबर (शाम 5:00 बजे) तक जारी रहेगा।
अंतिम चरण में “मशरूम उत्पादन और तुड़ाई के बाद प्रबंधन” विषय पर 26 से 30 अक्टूबर के बीच 40 सीटों के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए आवेदन 16 अक्टूबर से 23 अक्टूबर (शाम 5:00 बजे) तक स्वीकार किए जाएंगे।
प्रवक्ता ने आगे बताया कि ऑनलाइन आवेदन के अलावा उम्मीदवार कार्य दिवसों में सुबह 9:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक अपने संबंधित जिला बागवानी अधिकारी, बागवानी विकास अधिकारी या बागवानी प्रशिक्षण संस्थान, उचानी (करनाल) में उपस्थित होकर भी अपना पंजीकरण करवा सकते हैं।
किसी भी सहायता या जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 8570077877 या टोल-फ्री नंबर 18001802021 पर संपर्क किया जा सकता है।