कुरुक्षेत्र, 3 अक्टूबर, 2026 (संजीव शर्मा): जिला एवं सत्र न्यायाधीश दिनेश कुमार मित्तल के मार्गदर्शन में तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एवं सचिव नीतिका भारद्वाज जी के दिशा-निर्देशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कानूनी जागरूकता वाहन के माध्यम से गांव चंदरभानपुर, अमीन एवं फतूपुर का दौरा किया गया। इस दौरान पैनल अधिवक्ता विशाल मित्तल द्वारा आमजन को विभिन्न कानूनी योजनाओं एवं अधिकारों के बारे में जागरूक किया गया।
इस जागरूकता कार्यक्रम के दौरान आमजन को नालसा (गरीबी उन्मूलन के प्रभावी क्रियान्वयन) योजना, 2015, नालसा (डॉन) – नशा मुक्त भारत के लिए नशा जागरूकता एवं कल्याण मार्गदर्शन योजना, 2025, नालसा (एसिड अटैक पीडि़तों को कानूनी सेवाएं) योजना, 2016, नालसा (वरिष्ठ नागरिकों को कानूनी सेवाएं) योजना, 2016 तथा नालसा शिक्षा 2026 – सहायता एवं पहुंच के माध्यम से समग्र समावेशन, ज्ञान एवं स्कूली शिक्षा योजना के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई।
इसके अतिरिक्त आमजन को साइबर अपराध, डिजिटल अरेस्ट के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी तथा साइबर सुरक्षा के संबंध में भी जागरूक किया गया। साइबर धोखाधड़ी के कारण ठगी गई राशि की वसूली के लिए उपलब्ध सहायता तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा प्रदान की जाने वाली नि:शुल्क कानूनी सहायता एवं सेवाओं के बारे में जानकारी दी गई।
आमजन को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा उपलब्ध कराई जा रही नि:शुल्क कानूनी सेवाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया तथा अपने कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।





