कुरुक्षेत्र, 4 अक्टूबर, 2026 (संजीव शर्मा): उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार जिला की सभी अनाज मंडियों से धान की फसल के एक-एक दाने की खरीद की जाएगी। मंडियों में 29 सितंबर से धान की खरीद के कार्य को सुचारू रूप से शुरू कर दिया था। अब मंडियों से खरीद के साथ-साथ उठान का कार्य भी शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि 39699 मीट्रिक टन धान की खरीद हो चुकी है और 22747 क्विंटल धान का उठान हो चुका है।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा रविवार को अधिकारियों से धान खरीद प्रबंधों की समीक्षा कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की दिक्कत न आए। उन्होंने सरकारी खरीद एजेंसियों के अधिकारियों को निर्धारित मानकों के अनुसार खरीद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही किसानों की सुविधा को देखते हुए ब्रह्मसरोवर, लाडवा मंडी के दो फड और पिहोवा में चार खरीद सहित कुल 7 नए खरीद केंद्रों को मंजूरी मिली है। जल्द ही इस्माइलाबाद के लिए भी खरीद केंद्रों की मंजूरी मांगी गई है।
उन्होंने कहा कि किसानों को मंडियों में किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए तथा सभी व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित रहें। व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साफ-सफाई का पूरा ध्यान रखा जाए। किसानों को ठहराव के समय किसी प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े।
उन्होंने निर्देश दिए कि सरकार की प्राथमिकता किसानों की फसल की समय पर खरीद, उठान और भुगतान सुनिश्चित करना है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए सभी खरीद एजेंसी आपसी तालमेल के साथ कार्य करें और निर्धारित मानकों के अनुसार न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान की खरीद सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिला में धान की खरीद का कार्य सुचारू रूप से जारी किया जाए। किसान अपनी फसल को अच्छी तरह सुखाकर ही मंडी में लेकर आएं, ताकि फसल बेचने में किसी प्रकार की दिक्कत न आए।
उन्होंने कहा कि धान खरीद के कार्यों में कोई दिक्कत नहीं आने दी जाएगी। आढ़तियों व व्यापारियों ने भी डीसी को आश्वस्त किया कि धान खरीद के कार्य को सुचारू रूप से किया जाएगा।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने किसानों व किसान नेताओं से अपील की है कि प्रशासन का सहयोग दें, कानून का हाथ में न लें और अपनी धान की फसल को निर्धारित नमी तक सुखाकर लाएं।





