गुरुग्राम, 5 अक्टूबर, 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने सिंगापुर दौरे के दौरान गुरुग्राम में करीब 25 एकड़ क्षेत्र में विकसित किए जाने वाले प्रस्तावित विश्वस्तरीय कन्वेंशन सेंटर से संबंधित व्यवस्थाओं और सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सिंगापुर स्थित प्रसिद्ध ‘सनटेक सिटी’ का दौरा कर वहां उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने वहां संचालित कन्वेंशन सेंटर की सुविधाओं, निर्माण तकनीक, आधुनिक इंजीनियरिंग और प्रबंधन व्यवस्था के बारे में विस्तार से जानकारी ली।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के सिंगापुर दौरे के दौरान हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित कुमार अग्रवाल, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के निदेशक यश गर्ग, सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के निदेशक डॉ. आदित्य दहिया तथा एचएसआईआईडीसी के प्रबंध निदेशक विनय प्रताप सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार सिंगापुर की सनटेक सिटी की तर्ज पर गुरुग्राम में लगभग 25 एकड़ क्षेत्र में विश्वस्तरीय कन्वेंशन सेंटर विकसित करेगी। सिंगापुर के सनटेक सिटी में बने कन्वेंशन सेंटर की सुविधाओं का निरीक्षण इस परियोजना के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर की बेहतर व्यवस्थाओं को समझने की दिशा में महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि गुरुग्राम में प्रस्तावित कन्वेंशन सेंटर को अत्याधुनिक तकनीक और आधुनिक इंजीनियरिंग से लैस किया जाएगा। यहां बड़े अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन, व्यावसायिक बैठकें, प्रदर्शनियां और वैश्विक स्तर के अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्वस्तरीय कन्वेंशन सेंटर के निर्माण से गुरुग्राम की अंतरराष्ट्रीय पहचान और मजबूत होगी। इससे हरियाणा में निवेश और व्यावसायिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा तथा इसका सकारात्मक प्रभाव राज्य की अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा।
आधुनिक बुनियादी ढांचे के साथ मानेसर में बनेगा बड़ा और खूबसूरत पार्क
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार मानेसर में अत्याधुनिक बुनियादी ढांचा विकसित करने के साथ-साथ एक बड़े और खूबसूरत पार्क का भी निर्माण करेगी। इससे क्षेत्र के समग्र विकास को गति मिलेगी और लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाओं के साथ हरियाली एवं खुला वातावरण उपलब्ध होगा।

इस दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सिंगापुर के ‘गार्डन्स बाय द बे’ में पर्यावरण संरक्षण, विभिन्न प्रजातियों के पौधों के संरक्षण और जल प्रबंधन की उन्नत तकनीकों से जुड़ी व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने पार्क में मौजूद पर्यावरण अनुकूल व्यवस्थाओं, विशेष रूप से पानी की आपूर्ति और संरक्षण से जुड़े उपायों का करीब से निरीक्षण किया और इनके बारे में जानकारी प्राप्त की।
‘गार्डन्स बाय द बे’ में मौजूद भारतीय और विदेशी पर्यटकों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की और उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं। कई परिवारों ने मुख्यमंत्री के साथ सेल्फी भी ली। मुख्यमंत्री ने विदेशी पर्यटकों से भी सहजता और आत्मीयता के साथ मुलाकात कर बातचीत की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक शहरी नियोजन, कन्वेंशन सुविधाओं, पर्यावरण संरक्षण और जल प्रबंधन के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर की सर्वोत्तम व्यवस्थाओं को समझने की दृष्टि से सिंगापुर के कन्वेंशन सेंटर का दौरा बेहद महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने कहा कि इन अनुभवों को हरियाणा में लागू कर राज्य को अधिक विकसित, आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।





