लहरागागा, 7 अक्टूबर 2026 (चौधरी प्रभजीत सिंह): जिन घरों में परिवारों की कई पीढ़ियां रहती आई हैं, उन घरों के मालिकाना हक की दस्तावेजी पहचान मिलना परिवारों के लिए भरोसे और संतुष्टि का महत्वपूर्ण पल है। पंजाब के कैबिनेट मंत्री श्री बरिंदर कुमार गोयल ने आज विधानसभा क्षेत्र लहरा के गांव भुटाल कलां में ‘मेरा घर, मेरे नाम’ योजना के तहत 367 परिवारों को प्रॉपर्टी कार्ड सौंपते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार लोगों के घरों से जुड़े अधिकारों को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।
श्री गोयल ने बताया कि इस योजना के तहत गांव भुटाल कलां के कुल 541 प्रॉपर्टी कार्ड हैं, जिनमें से आज 367 परिवारों को कार्ड सौंपे गए हैं। उन्होंने कहा कि बाकी बचे 174 प्रॉपर्टी कार्ड तथा विधानसभा क्षेत्र के अन्य गांवों के कार्ड भी जल्द लाभार्थियों को सौंपे जाएंगे, ताकि हर योग्य परिवार तक इस पहल का लाभ पहुंच सके।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि अपना घर केवल ईंटों और दीवारों का निर्माण नहीं होता, बल्कि इससे परिवार की मेहनत, यादें और आने वाली पीढ़ियों का भविष्य जुड़ा होता है। उन्होंने कहा कि लाल लकीर के अंदर अपने घरों में लंबे समय से रह रहे परिवारों को मालिकाना हक संबंधी दस्तावेज मिलने से उनके मन में अपने घर के प्रति भरोसा और मजबूत होता है।
श्री गोयल ने कहा, “जिस घर में किसी परिवार के बुजुर्गों ने अपना जीवन बिताया हो और जहां आज उसके बच्चे अपना भविष्य संवार रहे हों, उस घर के मालिकाना हक का दस्तावेज मिलना बहुत महत्वपूर्ण है। आज भुटाल कलां के 367 परिवारों को प्रॉपर्टी कार्ड सौंपकर उनके अपने घर से जुड़े भरोसे और सम्मान को और मजबूती दी गई है।”
उन्होंने कहा कि गांवों में कई परिवार पीढ़ियों से अपने घरों में रहते आए हैं, लेकिन मालिकाना हक संबंधी औपचारिक रिकॉर्ड की कमी उनके लिए मुश्किलों का कारण बनती रही है। ‘मेरा घर, मेरे नाम’ योजना ऐसे योग्य परिवारों को उनके घरों के मालिकाना हक की दस्तावेजी पहचान उपलब्ध करवाने की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि घर और उसके मालिकाना हक संबंधी विवरण स्पष्ट होने से परिवारों को अपने घर की देखभाल, सुधार और भविष्य की योजना बनाने के लिए अधिक भरोसा मिलता है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार की जनकल्याणकारी पहलों का वास्तविक उद्देश्य लोगों के जीवन में सुविधा और संतुष्टि लाना है। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र लहरा के लोगों की जरूरतों और समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और योग्य लाभार्थियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता दी जा रही है।

श्री गोयल ने लाभार्थियों से अपील की कि वे अपने प्रॉपर्टी कार्ड संभालकर रखें और उनमें दर्ज नाम तथा संपत्ति संबंधी विवरणों की जांच करें। किसी विवरण में गलती होने की स्थिति में संबंधित अधिकारियों से संपर्क किया जाए, ताकि नियमों के अनुसार रिकॉर्ड में सुधार करवाया जा सके।
उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के बाकी लाभार्थियों को भी जल्द प्रॉपर्टी कार्ड सौंपे जाएंगे। श्री गोयल ने कहा, “हमारा उद्देश्य है कि हर योग्य परिवार को अपने घर के मालिकाना हक संबंधी स्पष्ट रिकॉर्ड मिले और वह अपने परिवार के भविष्य की योजना अधिक भरोसे के साथ बना सके।”
इस अवसर पर एसडीएम लहरा राकेश प्रकाश, तहसीलदार, नायब तहसीलदार के अलावा गांव भुटाल कलां के सरपंच, समस्त ग्राम पंचायत, आम आदमी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित थे।





