Wednesday, November 4, 2026
HomePatialaकिसानों को 24 घंटे के भीतर फसल का भुगतान किया जा रहा...

किसानों को 24 घंटे के भीतर फसल का भुगतान किया जा रहा है: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने राजपुरा मंडी का किया दौरा, किसानों और संबंधित पक्षों से की बातचीत

राजपुरा, 24 अक्टूबर 2026 (चौधरी प्रभजीत सिंह): पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने राजपुरा अनाज मंडी में धान खरीद के प्रबंधों का जायजा लेते हुए कहा कि राज्य में धान की खरीद सुचारू रूप से चल रही है। किसानों को 24 घंटे के भीतर फसल का भुगतान किया जा रहा है, अनाज की ढुलाई के लिए विशेष रेलगाड़ियां चलाई जा रही हैं और सरकार मंडियों में फसल के भंडारण के लिए पर्याप्त जगह सुनिश्चित करने के लिए काम कर रही है।

किसानों, आढ़तियों और अन्य संबंधित पक्षों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आपसी तालमेल से सभी प्रमुख समस्याओं का समाधान कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि धान की अच्छी पैदावार इस बार किसानों की दिवाली को और अधिक खुशहाल बनाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि पंजाब के हर खेत तक नहरी पानी पहुंचाने से जमीन की उपजाऊ शक्ति बढ़ेगी और भूजल की बचत होगी।

इस दौरे का वीडियो साझा करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘एक्स’ पर लिखा, “पंजाब के किसान भाइयों की दिन-रात की अथक मेहनत आज अधिक पैदावार और बेहतर आमदनी के रूप में रंग ला रही है। खेतों से लेकर मंडियों तक, आपकी अपनी सरकार हर कदम पर आपके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है, ताकि आपको आपकी फसल का पूरा मूल्य मिल सके। हमारे किसानों की खुशहाली ही पंजाब की तरक्की है।”

अनाज मंडी में खरीद प्रक्रिया का जायजा लेते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बताया कि गुरुवार तक राज्य की मंडियों में 62.07 लाख मीट्रिक टन धान की आमद हो चुकी है। इसमें से 60.50 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद की जा चुकी है और किसानों को 12,969.01 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है।

उन्होंने कहा, “जहां भी धान पहुंचा है, वहां बिना किसी देरी के उसकी खरीद की गई है, जिससे किसानों को काफी लाभ हुआ है। यह बेहद गर्व और संतोष की बात है कि सभी संबंधित पक्ष खुश हैं और किसी भी तरह की कोई समस्या नहीं है। पूरी प्रक्रिया बहुत सुचारू ढंग से चल रही है। इसमें शामिल सभी पक्षों के बीच बेहतरीन तालमेल, आपसी समझ और विश्वास कायम है।”

मुख्यमंत्री ने कहा, “इस साल धान सूखा है और फसल की पैदावार भी उत्साहजनक रही है। फरीदकोट, संगरूर और गुरदासपुर जैसे क्षेत्रों में बासमती की पैदावार बहुत अच्छी रही है। बासमती की खेती करने वाले किसानों को अच्छे भाव मिल रहे हैं और वे अधिक पैदावार से बेहद खुश हैं। इससे उनकी आमदनी में भी काफी वृद्धि हो रही है।”

नहरी सिंचाई के महत्व का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “नहरी पानी फसलों के लिए देसी घी की तरह है। यह अपने साथ जरूरी पोषक तत्व और उपजाऊ मिट्टी लेकर आता है, जिससे जमीन की उपजाऊ शक्ति बढ़ती है। मुझे उम्मीद है कि आने वाले वर्षों में पंजाब की जमीन की उर्वरता में और सुधार होगा।”

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आगे कहा, “इस साल कम बारिश होने के बावजूद भूजल का इस्तेमाल कम हुआ है, क्योंकि नहरी पानी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध करवाया गया है। यह गर्व की बात है कि पंजाब अपने भूजल के बहुमूल्य संसाधनों को बचाने की दिशा में काम कर रहा है।”

अनाज मंडी के दौरे के बारे में मुख्यमंत्री ने कहा, “मैं अक्सर राजपुरा अनाज मंडी का दौरा करता रहता हूं। आज मुझे पटियाला जाना था, लेकिन यहां के प्रबंधों का जायजा लेने और यह सुनिश्चित करने के लिए कि किसी को कोई परेशानी तो नहीं आ रही, मैंने यहां रुकने का फैसला किया।”

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “किसानों को 24 घंटे के भीतर भुगतान किया जा रहा है और नकद ऋण सीमा (सीसीएल) के तहत फंड प्राप्त हो चुके हैं। राज्य सरकार भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) और अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है, ताकि चावल मिलों में भंडारण के लिए जगह से जुड़ी किसी भी समस्या का समाधान किया जा सके।”

उन्होंने आगे बताया कि पंजाब से अनाज की ढुलाई को आसान बनाने और खरीद प्रक्रिया को सुचारू रूप से जारी रखने के लिए विशेष रेलगाड़ियां चलाई जा रही हैं।

दिवाली के त्योहार को लेकर आशा व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “मुझे उम्मीद है कि यह दिवाली पंजाब के किसानों, आढ़तियों, चावल मिल मालिकों और ट्रांसपोर्टरों के लिए विशेष खुशियां लेकर आएगी। सभी पक्ष आपसी तालमेल से काम कर रहे हैं और मुझे पूरा विश्वास है कि यह त्योहार सभी के लिए खुशहाली लेकर आएगा।”

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments