जालंधर,30 अक्टूबर 2026 (गुरमीत सिंह तुंग): एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के दूसरे दिन ओलंपियन सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम में खेले गए तीन मुकाबलों में भारत, जापान और मलेशिया ने शानदार जीत दर्ज की। मेजबान भारत ने चीन को 5-2 से हराया, जबकि जापान ने बांग्लादेश को 1-0 और मलेशिया ने दक्षिण कोरिया को 3-1 से मात दी।
भारत ने चीन को 5-2 से दी शिकस्त
मेजबान भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चीन के खिलाफ 5-2 से जीत हासिल की। भारत की ओर से सुखजीत सिंह ने 12वें और 34वें मिनट में दो फील्ड गोल किए। कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने 27वें और 31वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर टीम की बढ़त मजबूत की। वहीं, जुगराज सिंह ने 47वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर से पांचवां गोल दागा।
चीन की ओर से पेंग यांग ने 26वें मिनट और चोंगकोंग चेन ने 36वें मिनट में गोल किए, लेकिन वे टीम को जीत नहीं दिला सके।
जापान ने बांग्लादेश को 1-0 से हराया
दूसरे मुकाबले में जापान और बांग्लादेश के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। जापान ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए 1-0 से जीत दर्ज की। जापान की ओर से राइकी फुजीशिमा ने 40वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर के जरिए निर्णायक गोल किया।
मलेशिया ने दक्षिण कोरिया को 3-1 से हराया
दिन के पहले मुकाबले में मलेशिया ने दक्षिण कोरिया को 3-1 से पराजित किया। मलेशिया की ओर से अजीमुद्दीन कमारुद्दीन ने 10वें मिनट में पहला गोल किया। दक्षिण कोरिया ने 31वें मिनट में सोंग हे-सोंग के गोल से स्कोर 1-1 कर दिया।
इसके बाद मलेशिया ने जोरदार वापसी करते हुए मोहम्मद अखीमुल्ला अनुआर इसाक के 36वें मिनट और फैसल बिन सारी के 50वें मिनट में किए गए गोलों की बदौलत मुकाबला अपने नाम कर लिया।
कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने देखा भारत-चीन मुकाबला
पंजाब के कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने भारत और चीन के बीच खेले गए मुकाबले का आनंद लिया और खिलाड़ियों से मुलाकात की। उन्होंने इस अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट की मेजबानी का श्रेय मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के प्रयासों को देते हुए कहा कि पंजाब को हॉकी के गढ़ के रूप में और मजबूत बनाने के लिए राज्य सरकार इस प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए पूरी तरह प्रयासरत है।






