तीन साल में सबसे साफ रहा अक्टूबर, तेज हवाओं और बारिश ने प्रदूषण से दिलाई राहत
नई दिल्ली, 31 अक्टूबर, 2026 (छत्रपाल सिंह): राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण से जूझ रहे लोगों को बारिश और तेज हवाओं के चलते बड़ी राहत मिली है। महज 24 घंटे के भीतर दिल्ली की हवा की गुणवत्ता में 78.5 प्रतिशत का सुधार दर्ज किया गया। गुरुवार सुबह 363 पर पहुंचा वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) शुक्रवार सुबह घटकर 78 रह गया। इसके साथ ही दिल्ली की हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी से निकलकर संतोषजनक स्तर पर पहुंच गई।
वायु गुणवत्ता में आए इस बड़े सुधार की मुख्य वजह 29 और 30 अक्टूबर की मध्यरात्रि को हुई बारिश और तेज हवाओं को माना जा रहा है। चक्रवाती तूफान अर्नब और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में अच्छी बारिश हुई। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान राजधानी के अधिकांश इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश दर्ज की गई, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हुई।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार सुबह 8:30 बजे तक सफदरजंग में 61.4 मिलीमीटर, लोधी रोड पर 63.4 मिलीमीटर और पालम में 43.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बारिश के कारण वातावरण में मौजूद धूल और प्रदूषक कण नीचे बैठ गए, जबकि तेज हवाओं ने प्रदूषित हवा को हटाने में अहम भूमिका निभाई।
हालांकि विशेषज्ञों के अनुसार, हवा की गुणवत्ता में आया यह सुधार स्थायी नहीं है। यदि बारिश का सिलसिला थमने के बाद हवाओं की गति कम होती है और मौसम की परिस्थितियां प्रदूषकों के जमा होने के अनुकूल बनती हैं, तो दिल्ली में प्रदूषण का स्तर फिर बढ़ सकता है।
तीन वर्षों में सबसे साफ रहा अक्टूबर
आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली के लिए अक्टूबर 2026 पिछले तीन वर्षों में सबसे साफ महीना साबित हुआ है। 1 से 29 अक्टूबर तक राजधानी का औसत AQI 191.5 दर्ज किया गया। इसकी तुलना में वर्ष 2025 में इसी अवधि का औसत AQI 226.1 और वर्ष 2024 में 236.8 रहा था। इस तरह वर्ष 2025 के मुकाबले प्रदूषण में करीब 15 प्रतिशत और वर्ष 2024 के मुकाबले लगभग 19 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई।
एक और महत्वपूर्ण बात यह है कि अक्टूबर 2026 में अब तक दिल्ली में एक भी दिन AQI 300 या उससे अधिक दर्ज नहीं हुआ। जबकि अक्टूबर 2025 में ऐसे आठ दिन और अक्टूबर 2024 में 12 दिन रिकॉर्ड किए गए थे।
बारिश से तापमान में भी आई गिरावट
बारिश का असर राजधानी के तापमान पर भी देखने को मिला। गुरुवार को सफदरजंग में अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो एक दिन पहले के मुकाबले 6.4 डिग्री कम था। वहीं न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो पिछले दिन से दो डिग्री कम था।
राजधानी के विभिन्न इलाकों में अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार को भी कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई। बारिश के कारण मौसम में ठंडक बढ़ने के साथ लोगों को प्रदूषण से भी फिलहाल राहत मिली है।






