पटियाला, 4 नवंबर, 2026 (गुरमीत सिंह तुंग): पटियाला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरमनदीप सिंह हंस ने बताया कि पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव के दिशा-निर्देशों के तहत चलाई जा रही ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ मुहिम के अंतर्गत डीआईजी पटियाला रेंज कुलदीप सिंह चहल के निर्देशों पर पटियाला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसपी जांच राजेश छिब्बड़, डीएसपी जांच गुरवीर सिंह गिल और सीआईए पटियाला के इंचार्ज सिमरजीत सिंह शेरगिल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने हेरोइन की सप्लाई करने वाले दो आरोपियों रोहित कुमार गागट पुत्र राजपाल निवासी न्यू बिशन नगर, थाना लाहौरी गेट, पटियाला और विनोद कुमार उर्फ गंजा पुत्र किशोरी लाल निवासी शहीद भगत सिंह कॉलोनी, बन्ना बिशन नगर, थाना लाहौरी गेट, पटियाला को स्विफ्ट डिजायर कार नंबर PB11DP-2870 सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 270 ग्राम हेरोइन और 2 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की है।
गिरफ्तारी और बरामदगी: एसएसपी हरमनदीप सिंह हंस ने बताया कि 15 अक्टूबर 2026 को एएसआई तेजिंदर सिंह सीआईए पटियाला पुलिस पार्टी के साथ संदिग्ध और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों की तलाश में पुराने बस स्टैंड पर मौजूद थे। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि रोहित कुमार गागट और विनोद कुमार उर्फ गंजा आपस में मिलकर स्विफ्ट डिजायर कार नंबर PB11DP-2870 में सवार होकर अपने ग्राहकों को हेरोइन (चिट्टा) की सप्लाई देने आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने नाकाबंदी कर दोनों आरोपियों को कार सहित काबू कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 270 ग्राम हेरोइन और 2 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद हुई। इसके बाद आरोपियों के खिलाफ थाना लाहौरी गेट में मुकदमा नंबर 194, दिनांक 02.11.2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 21/61/85 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया गया।
आपराधिक पृष्ठभूमि: जांच के दौरान सामने आया है कि आरोपी रोहित कुमार गागट के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट तथा स्थानीय एवं विशेष कानूनों के तहत जिला पटियाला के विभिन्न थानों में करीब 8 मुकदमे दर्ज हैं। वह कई बार जेल भी जा चुका है और दो मामलों में उसे सजा हो चुकी है। वहीं, उसके साथी विनोद कुमार उर्फ गंजा के खिलाफ भी दो आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, रोहित कुमार गागट अपने साथी विनोद कुमार उर्फ गंजा के साथ मिलकर पिछले 6-7 महीनों से हेरोइन (चिट्टा) बेचने का अवैध कारोबार कर रहा था।
एसएसपी पटियाला ने बताया कि दोनों आरोपियों को आज माननीय अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा। रिमांड के दौरान आरोपियों से बरामद हेरोइन और 2 लाख रुपये की ड्रग मनी के संबंध में गहन पूछताछ की जाएगी। इसके साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि आरोपी किन-किन व्यक्तियों को हेरोइन की सप्लाई करते थे और किन लोगों से नशे की खेप लेकर आते थे। पुलिस द्वारा उनके आगे-पीछे के नेटवर्क और अन्य संपर्कों की भी गहराई से जांच की जाएगी।






