Wednesday, November 18, 2026
HomeHaryanaजिम्नास्टिक कोच पूनम शर्मा को मिला भिवानी गौरव सम्मान

जिम्नास्टिक कोच पूनम शर्मा को मिला भिवानी गौरव सम्मान

23 साल भारतीय वायु सेना में सेवाएं देने के बाद अब कुरुक्षेत्र में नन्हे खिलाडिय़ों को दे रही है जिम्नास्टिक का प्रशिक्षण
कुरुक्षेत्र, 17 नवंबर 2026 (संजीव शर्मा):  खेलों के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान और जिम्नास्टिक खिलाडिय़ों को तैयार करने के लिए जिम्नास्टिक कोच पूनम शर्मा को नई दिल्ली में भिवानी परिवार मैत्री संघ की ओर से भिवानी गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान खेलों के क्षेत्र में उनकी सेवाओं, समर्पण और उपलब्धियों के लिए प्रदान किया गया। पूनम शर्मा ने अपने करियर के 23 वर्ष भारतीय वायु सेना में सेवाएं देते हुए बिताए। इस दौरान उन्होंने अनेक जिम्नास्ट तैयार किए और खिलाडिय़ों को खेल के क्षेत्र में आगे बढऩे के लिए प्रशिक्षित किया।
वर्ष 2017 से वह हरियाणा खेल विभाग में कुरुक्षेत्र में जिम्नास्टिक कोच के पद पर कार्यरत हैं। यहां वह छोटी उम्र के बच्चों को जिम्नास्टिक का प्रशिक्षण देकर उन्हें भविष्य के लिए तैयार कर रही हैं। उनके मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले बच्चे आज राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं और विभिन्न पदक हासिल कर कुरुक्षेत्र का नाम रोशन कर रहे हैं। पूनम शर्मा का प्रयास है कि छोटी उम्र से ही बच्चों में खेल के प्रति रुचि विकसित की जाए और उन्हें उचित प्रशिक्षण देकर राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी बनाया जाए। पूनम शर्मा शैक्षणिक एवं व्यावसायिक योग्यता के मामले में भी समृद्ध हैं। उन्होंने शारीरिक शिक्षा में स्नातकोत्तर (पोस्ट ग्रेजुएशन), बैचलर ऑफ फिजिकल एजुकेशन (बीपीएड), पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन स्पोर्ट्स मैनेजमेंट, फिजिकल ट्रेनिंग में डिप्लोमा, फायर सेफ्टी में डिप्लोमा और लॉजिस्टिक मैनेजमेंट में डिप्लोमा हासिल किया हुआ है।


उन्होंने भारतीय खेल प्राधिकरण के नेताजी सुभाष राष्ट्रीय खेल संस्थान से जिम्नास्टिक खेल में डिप्लोमा भी प्राप्त किया है। 23 वर्षों तक भारतीय वायु सेना में सेवाएं देने से लेकर हरियाणा खेल विभाग में जिम्नास्टिक कोच के रूप में बच्चों की प्रतिभा निखारने तक का उनका सफर खेलों के प्रति उनके समर्पण और अनुभव को दर्शाता है। भिवानी गौरव सम्मान से सम्मानित होना उनकी खेल यात्रा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine
Google search engine

Most Popular

Recent Comments