Wednesday, November 18, 2026
HomeHaryanaएस.डी.एम. लाडवा ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बड़ौंदा का किया औचक निरीक्षण

एस.डी.एम. लाडवा ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बड़ौंदा का किया औचक निरीक्षण

लाडवा, 17 नवंबर 2026 (संजीव शर्मा):  एस.डी.एम. लाडवा राजेश कुमार सोनी ने मंगलवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बड़ौंदा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों की उपस्थिति, शिक्षण व्यवस्था एवं विद्यालय परिसर का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने विभिन्न कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया। कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के साथ उनके भविष्य एवं कैरियर की संभावनाओं पर चर्चा की। एक विद्यार्थी द्वारा विदेश जाने की इच्छा व्यक्त करने पर उन्होंने विदेश में उच्च शिक्षा एवं रोजगार के अवसरों तथा विदेश जाने के लिए आवश्यक जानकारी, तैयारी और सही प्रक्रिया के बारे में विद्यार्थियों को जागरूक किया।
उन्होंने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत करते हुए नशे से दूर रहने और सकारात्मक जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। कला विषय के विद्यार्थियों के साथ चर्चा करते हुए उन्होंने विषयों की गहरी समझ विकसित करने तथा रटने के बजाय अवधारणाओं को समझकर अध्ययन करने पर जोर दिया। इतिहास की कक्षा में विद्यार्थियों के साथ सभ्यताओं के विकास, विभिन्न महाद्वीपों में प्रारंभिक मानव समुदायों के रहन-सहन, खान-पान और जीवनशैली के बारे में रोचक चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों को विषयों को तथ्यों के साथ-साथ उनके ऐतिहासिक और सामाजिक संदर्भों में समझने के लिए प्रेरित किया।
एसडीएम ने विद्यार्थियों को फास्ट फूड एवं जंक फूड के अत्यधिक सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में भी बताया। उन्होंने स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मस्तिष्क के लिए संतुलित एवं पौष्टिक भोजन अपनाने की सलाह दी। व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास के महत्व को समझाते हुए उन्होंने विद्यार्थियों को बहलोलपुर स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान का भ्रमण करने का सुझाव दिया, ताकि वे विभिन्न तकनीकी एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों तथा रोजगारपरक कौशलों की जानकारी प्राप्त कर सकें। एसडीएम ने विद्यालय के समग्र वातावरण एवं व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया।


उन्होंने विद्यालय परिसर को सुंदर एवं व्यवस्थित पाया। दूर-दराज के गांवों से आने वाले विद्यार्थियों की सुविधा के लिए सरकारी स्कूल बस की उपलब्धता को भी सराहनीय पहल बताया। उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों को कैरियर मार्गदर्शन, कौशल विकास, स्वास्थ्य जागरूकता और व्यावहारिक ज्ञान देना भी आवश्यक है। शिक्षकों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास करने चाहिए।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine
Google search engine

Most Popular

Recent Comments