Wednesday, November 18, 2026
HomeHaryanaस्वामी ज्ञानानंद जी महाराज ने किया हरियाणवी गीत का विमोचन, कलाकार नवीन...

स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज ने किया हरियाणवी गीत का विमोचन, कलाकार नवीन पुनिया के प्रयासों की सराहना

कुरुक्षेत्र, 17 नवंबर 2026 (संजीव शर्मा): अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती समारोह के पावन अवसर पर राष्ट्र गौरव, गीता मनीषी एवं महामंडलेश्वर स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज ने प्रसिद्ध हरियाणवी गायक एवं कलाकार नवीन पुनिया द्वारा प्रस्तुत विशेष गीत का विमोचन किया। इस अवसर ने हरियाणवी कला, संस्कृति और भारतीय आध्यात्मिक परंपरा के संगम को एक नई पहचान दी।
नवीन पुनिया हरियाणा के जाने-माने कलाकार होने के साथ-साथ खेल जगत में भी अपनी विशिष्ट पहचान रखते हैं। भारतीय हैंडबॉल टीम के पूर्व कप्तान एवं प्रशिक्षक के रूप में उन्होंने देश का प्रतिनिधित्व किया है। संगीत और खेल के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक दिशा देने तथा सामाजिक जागरूकता फैलाने के लिए भी वे निरंतर प्रयासरत हैं। नशामुक्त हरियाणा और युवा जागरूकता जैसे अभियानों से उनका जुड़ाव उनकी सामाजिक प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इस गीत के बोल प्रसिद्ध गीतकार नवीन लांबा ने लिखे हैं। गीत के माध्यम से भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक मूल्यों और सकारात्मक विचारों को संगीत के जरिए जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
नवीन पुनिया ने स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती जैसे पवित्र और प्रतिष्ठित आयोजन में उनके गीत का विमोचन होना उनके लिए अत्यंत गर्व और सौभाग्य की बात है। उनका प्रयास है कि संगीत को केवल मनोरंजन तक सीमित न रखते हुए इसके माध्यम से भारतीय संस्कृति, देशभक्ति, सामाजिक जागरूकता और युवाओं को प्रेरित करने वाले संदेशों को भी आगे बढ़ाया जाए। इस अवसर पर स्वच्छ भारत मिशन हरियाणा के पूर्व वाइस चेयरमैन सुभाष चंद्र, कैटरर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष अवनी गुप्ता, पवन कुमार, पूर्व जिला परिषद चेयरमैन गुरदयाल सुनहेड़ी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine
Google search engine

Most Popular

Recent Comments