Thursday, August 27, 2026
HomeHaryanaमहिला मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष रिचा पाहवा का भाजपा जिला कार्यालय में जोरदार अभिनंदन

महिला मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष रिचा पाहवा का भाजपा जिला कार्यालय में जोरदार अभिनंदन

फतेहाबाद, 19 अगस्त,2026 (संजीव शर्मा): भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेशाध्यक्ष रिचा पाहवा का भाजपा जिला कार्यालय ‘उदय कमल’ में पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा जोरदार अभिनंदन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने फूलमालाएं पहनाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।


जिलाध्यक्ष प्रवीन जोड़ा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में महिलाओं की भूमिका सदैव महत्वपूर्ण रही है। महिला मोर्चा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि रिचा पाहवा के नेतृत्व में महिला मोर्चा को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी तथा संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक गति मिलेगी।
महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष डा. सुमन बजाज ने रिचा पाहवा का स्वागत करते हुए कहा कि महिला मोर्चा की कार्यकर्ता पार्टी की नीतियों एवं केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का कार्य कर रही हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेशाध्यक्ष के मार्गदर्शन में महिला मोर्चा फतेहाबाद जिले में और अधिक मजबूती के साथ कार्य करेगा।
महिला मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष रिचा पाहवा ने कहा कि अपने संगठनात्मक दौरों और बैठकों के दौरान उनका मुख्य उद्देश्य महिला संगठन को अधिक सशक्त, सक्रिय और मजबूत बनाना तथा आगामी कार्यक्रमों एवं गतिविधियों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि केंद्र और हरियाणा सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए लगातार प्रभावी योजनाएं चला रही हैं।
उन्होंने लखपति दीदी और ड्रोन दीदी योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से बड़ी संख्या में महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं। उनका प्रयास रहेगा कि प्रदेश की अधिक से अधिक महिलाएं इन योजनाओं का लाभ उठाकर आर्थिक रूप से सशक्त बनें और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ें।
महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर रिचा पाहवा ने कहा कि महिला मोर्चा स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में विशेष जागरूकता अभियान चलाएगा। इन अभियानों के माध्यम से छात्राओं को सुरक्षा, उनके अधिकारों और आत्मरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस अभियान में हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष उषा प्रियदर्शी का भी सहयोग मिलेगा। सभी मिलकर महिलाओं और बालिकाओं के लिए सुरक्षित वातावरण तैयार करने का प्रयास करेंगे।
रिचा पाहवा ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के प्रधानमंत्री के संकल्प को पूरा करने में महिलाओं और युवतियों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। महिला मोर्चा नई पीढ़ी की बेटियों को सशक्त, आत्मनिर्भर और नेतृत्व के लिए तैयार करने की दिशा में निरंतर कार्य करेगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि संगठन के सहयोग और कार्यकर्ताओं की मेहनत से वह अपनी जिम्मेदारी का सफलतापूर्वक निर्वहन करेंगी तथा महिला मोर्चा को प्रदेश के प्रत्येक बूथ तक मजबूत बनाया जाएगा।
जिला मीडिया प्रभारी कंवल चौधरी ने बताया कि जिला परिषद चेयरमैन सुमन खिचड़, डा. दिव्या सेठी, श्रीमती सविता टूटेजा, नीलांशी शर्मा, सुमन मिढा, अनिता मेहता, स्वीटी मेहता, रुपमालती, भारती सचदेवा, नीलम मेहता, मोनू फूलां, रेखा रानी, किरण नारंग, किरण बाला, मंजू बाजीगर, पूनम सिंगला, शशि नारंग, ललिता नारंग, राखी ललित, अंजूरानी रतिया, कंचन भाटिया, गीता मेहता, अंजू बतरा, भावना शर्मा, सहित भाजपा एवं महिला मोर्चा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments