41वें राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़े पर हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव की प्रदेशवासियों से भावुक अपील कहा, “नेत्रदान महादान, आगे आएं और किसी की जिंदगी रोशन करें”
हरियाणा , 26 अगस्त,2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने 8 सितंबर 2026 तक मनाए जा रहे 41वें राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़े के अवसर पर प्रदेशवासियों से नेत्रदान का संकल्प लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि “नेत्रदान महादान” है और आपकी आंखें किसी दृष्टिहीन व्यक्ति के जीवन में नई रोशनी ला सकती हैं।
आरती सिंह राव ने बताया कि एक व्यक्ति द्वारा किया गया नेत्रदान दो दृष्टिहीन व्यक्तियों के जीवन को रोशन कर सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि व्यक्ति अपने जीवनकाल में नेत्रदान करने की प्रतिज्ञा ले सकता है, जबकि मृत्यु के बाद 6 से 8 घंटे के भीतर आंखों को सुरक्षित रूप से निकाला जाता है। इस पूरी प्रक्रिया के लिए नेत्रदाताओं या प्राप्तकर्ताओं से कोई शुल्क नहीं लिया जाता।
नेत्रदाता की मृत्यु के बाद परिवार के सदस्य तुरंत नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र, जिला सिविल अस्पताल के नेत्रदान केंद्र, मेडिकल कॉलेज या आई बैंक से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा नागरिक हरियाणा में डायल 112 या राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1800-11-4770 पर भी संपर्क कर सकते हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि समाज के हर वर्ग को आगे आकर इस पवित्र अभियान से जुड़ना चाहिए, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों के जीवन में दृष्टि और रोशनी लाई जा सके।






