पटियाला, 21 अक्टूबर 2026 (छत्रपाल सिंह): अश्विन नवरात्रि के अंतिम दिन आज पटियाला के ऐतिहासिक माता श्री काली देवी मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने माथा टेककर माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त किया। नवमी और दशमी एक साथ होने के कारण सुबह से ही दूर-दराज के क्षेत्रों से श्रद्धालु माता के दरबार में दर्शन करने पहुंचते रहे। इस दौरान मंदिर में श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
मंदिर के नवीनीकरण के बाद श्रद्धालुओं को उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं को लेकर भी श्रद्धालुओं में काफी उत्साह देखने को मिला। मंदिर की सलाहकार प्रबंधकीय समिति के चेयरमैन महेश मित्तल, सीए अजय अलीपुरिया, डॉ. राज कुमार गुप्ता और संजय सिंगला ने बताया कि नवरात्रि के दौरान नवनिर्मित लंगर भवन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। उन्होंने कहा कि लंगर भवन में किए गए प्रबंधों और उपलब्ध सुविधाओं को लेकर श्रद्धालु काफी संतुष्ट नजर आए।

उन्होंने बताया कि माता श्री काली देवी मंदिर में नवरात्रि के दौरान देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु माता रानी के दर्शन करने पहुंचते हैं। मंदिर प्रबंधन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा और धार्मिक वातावरण को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इन प्रयासों का उद्देश्य श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से दर्शन करने और लंगर सेवा का लाभ उठाने की सुविधा प्रदान करना है।
नवरात्रि के अंतिम दिन माता रानी के दरबार में श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति ने धार्मिक आस्था और उत्साह का परिचय दिया।






