14 अगस्त,2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कैबिनेट बैठक के बाद चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सरकार के महत्वपूर्ण फैसलों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बैठक में कुल 12 एजेंडे रखे गए, जिन्हें सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा विधानसभा का मानसून सत्र 27 अगस्त से शुरू होगा।

कोचिंग सेंटरों के लिए नई नीति
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोचिंग सेंटरों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है। नई नीति के तहत कोचिंग सेंटरों का पंजीकरण अनिवार्य किया जाएगा। संस्थानों में पीने का पानी, अग्नि सुरक्षा, पर्याप्त बैठने की व्यवस्था सहित जरूरी सुरक्षा मानकों को सुनिश्चित किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई का भी प्रावधान रहेगा।
सुखबीर बादल पर हमले की निंदा
महाराष्ट्र में शिरोमणि अकाली दल के नेता सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले की घटना पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसी घटनाएं निंदनीय हैं। उन्होंने कहा कि गुरुघर सभी लोगों और समुदायों के लिए खुले होते हैं, इसलिए ऐसे पवित्र स्थानों पर शांति और सद्भाव बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
कांग्रेस के प्रदर्शन पर सीएम का पलटवार
कांग्रेस के प्रदर्शनों पर प्रतिक्रिया देते हुए नायब सिंह सैनी ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष को प्रदर्शन करने का अधिकार है, लेकिन कांग्रेस को अपने कार्यकाल पर भी नजर डालनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार ने कर्मचारियों के हित में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।
मुख्यमंत्री के अनुसार, करीब 1.20 लाख कर्मचारियों को हरियाणा कौशल रोजगार निगम के माध्यम से नौकरी की सुरक्षा दी गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है और वह जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है।
युवाओं के रोजगार पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि मौजूदा सरकार पारदर्शी व्यवस्था के जरिए युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करा रही है। उनका कहना था कि युवाओं को शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के बेहतर अवसर देने के साथ-साथ प्रदेश में उद्योगों के विस्तार पर भी जोर दिया जा रहा है।
गुरुग्राम जलभराव पर प्रशासन को निर्देश
गुरुग्राम में जलभराव को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार भारी बारिश हुई है। प्रशासन ने पहले से तैयारियां की थीं और अधिकारियों को जलभराव की स्थिति में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। उन्होंने कहा कि कई इलाकों में पहले की तुलना में स्थिति में सुधार हुआ है और पानी की निकासी के लिए प्रभावी कदम उठाए गए हैं।
कानून-व्यवस्था पर सख्ती
अपराध की घटनाओं पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए और उनमें कानून का भय होना जरूरी है। उन्होंने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर शिकायत पर कार्रवाई हो तथा जरूरतमंद लोगों को एफआईआर दर्ज कराने में किसी तरह की परेशानी न हो।
खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और रोजगार
हरियाणा के खिलाड़ियों की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने खेलों के क्षेत्र में पारदर्शी और प्रभावी व्यवस्था तैयार की है। खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, सुविधाएं और प्रोत्साहन दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि खेल प्रतिभाओं को नर्सरी स्तर से तैयार करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। वर्ष 2014 के बाद प्रदेश के स्टेडियमों और खेल बुनियादी ढांचे में व्यापक सुधार किए गए हैं। पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी देकर उनका सम्मान भी सुनिश्चित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और केंद्र सरकार के सहयोग से भी प्रदेश में खेलों को बढ़ावा मिला है।
इस अवसर पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के आयुक्त एवं सचिव के. मकरंद पांडुरंग, निदेशक डॉ. आदित्य दहिया, अतिरिक्त निदेशक कैप्टन मनीष कुमार लोहान और मुख्यमंत्री के मीडिया सचिव प्रवीण अत्रे मौजूद रहे।







