टोहाना,19 अगस्त,2026 (संजीव शर्मा): जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डी.सी डॉ. विवेक भारती ने कहा कि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण निर्वाचन प्रक्रिया का अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है। मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए दावे-आपत्तियों तथा नोटिस चरण से संबंधित कार्य को पूरी गंभीरता और निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि बूथ स्तर अधिकारी (बीएलओ) प्रत्येक नोटिस संबंधित मतदाता तक पहुंचाना सुनिश्चित करें तथा 25 अगस्त तक आवश्यक दस्तावेज प्राप्त कर लें। उन्होंने कहा कि जिन पात्र नागरिकों का नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं है, उनसे फॉर्म-6 भरवाकर 30 अगस्त तक आवेदन करवाया जाए।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी डॉ. विवेक भारती बुधवार को मीटिंग हॉल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के संबंध में दावे-आपत्तियों एवं नोटिस चरण से संबंधित कार्यों की समीक्षा के लिए ईआरओ, एईआरओ, अतिरिक्त एईआरओ एवं सुपरवाइजरों के साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
प्रत्येक नोटिस का हो गंभीरता से सत्यापन
डीसी ने निर्देश दिए कि सभी बीएलओ अपने-अपने बूथ क्षेत्र में नोटिस वितरण का कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा करें। नोटिस प्राप्त करने वाले प्रत्येक मतदाता से आवश्यक दस्तावेज निर्धारित समय-सीमा में प्राप्त किए जाएं तथा दस्तावेजों की जांच निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र मतदाता को अनावश्यक परेशानी न हो और किसी भी अपात्र प्रविष्टि को बिना उचित सत्यापन के सूची में बनाए न रखा जाए।
उन्होंने कहा कि 25 अगस्त तक नोटिस एवं दस्तावेज संबंधी कार्य को पूरा करना सुनिश्चित किया जाए, ताकि आगे की प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके। प्रत्येक बीएलओ अपने क्षेत्र की प्रगति से संबंधित रिकॉर्ड व्यवस्थित रूप से तैयार रखे।
एईआरओ प्रतिदिन लें प्रगति रिपोर्ट
डॉ. विवेक भारती ने सभी सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों (एईआरओ) को निर्देश दिए कि वे प्रतिदिन बीएलओ से प्रगति रिपोर्ट प्राप्त करें और आवश्यकतानुसार उनके साथ बैठक कर कार्य की समीक्षा करें। उन्होंने कहा कि जिस बूथ पर कार्य की गति अपेक्षाकृत धीमी है, वहां तत्काल आवश्यक मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त सहयोग उपलब्ध करवाया जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल कागजी प्रगति के बजाय प्रत्येक बूथ पर वास्तविक कार्य की स्थिति की निगरानी की जाए। एईआरओ, अतिरिक्त एईआरओ एवं सुपरवाइजर अपने-अपने क्षेत्र में नियमित रूप से फील्ड विजिट करते हुए बीएलओ के कार्य की समीक्षा करें।
नए मतदाताओं के पंजीकरण पर भी दे ध्यान
डीसी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान 18 वर्ष या उससे अधिक आयु पूरी कर चुके पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने पर विशेष ध्यान दिया जाए। ऐसे पात्र नागरिकों से फॉर्म-6 भरवाकर 30 अगस्त तक आवेदन करवाया जाए।
उन्होंने विशेष रूप से युवा मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने के निर्देश दिए और कहा कि कॉलेजों में अध्ययनरत पात्र विद्यार्थियों को मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी जाए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित करना प्रशासन और निर्वाचन तंत्र की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
माइक्रोमैनेजमेंट से करें बूथवार निगरानी
डॉ. विवेक भारती ने कहा कि बीएलओ एवं सुपरवाइजर केवल सामान्य स्तर पर नहीं, बल्कि बूथवार माइक्रोमैनेजमेंट के आधार पर कार्य करें। प्रत्येक बूथ पर लंबित नोटिस, प्राप्त दस्तावेज, दावे-आपत्तियां, नए मतदाता पंजीकरण तथा अन्य संबंधित कार्यों की अलग-अलग स्थिति स्पष्ट होनी चाहिए।
उन्होंने सुपरवाइजरों को निर्देश दिए कि वे अपने अधीन आने वाले सभी बीएलओ के साथ नियमित बैठक कर प्रगति की समीक्षा करें। किसी भी प्रकार की समस्या आने पर उसे उच्च अधिकारियों के संज्ञान में लाकर समय रहते उसका समाधान करवाया जाए। 30 अगस्त तक दावे-आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे नागरिक भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित संशोधित कार्यक्रम के अनुसार विशेष गहन पुनरीक्षण की अर्हता तिथि 1 जुलाई 2026 है। ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन 31 जुलाई 2026 को किया गया है। दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने की अवधि 31 जुलाई से 30 अगस्त 2026 तक निर्धारित है।
नोटिस चरण तथा दावे-आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया 31 जुलाई से 28 सितंबर 2026 तक चलेगी, जबकि मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 3 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी निर्धारित समय-सारिणी को ध्यान में रखते हुए कार्य करें, ताकि जिले में मतदाता सूची पुनरीक्षण की पूरी प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से संपन्न हो सके।
उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए दावे-आपत्तियों तथा नोटिस चरण से संबंधित कार्य को पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ पूरा करें।
बैठक में एसडीएम टोहाना आकाश शर्मा, नायब तहसीलदार अनिल कुमार, रसविंदर सिंह सहित ईआरओ, एईआरओ, अतिरिक्त एईआरओ, सुपरवाइजर एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।






