कुरुक्षेत्र, 4 अक्टूबर, 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा सरकार द्वारा चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत कुरुक्षेत्र में एक अनूठी पहल देखने को मिली। प्रदेश सरकार के विकास कार्यों और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर प्रमोट करने के लिए उत्तराखंड से आए प्रसिद्ध सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के एक दल ने कुरुक्षेत्र के महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स का दौरा किया।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग हरियाणा द्वारा इंटर-स्टेट एक्सपोजर विजिट के तहत उत्तराखंड के ट्रैवल, कल्चर और डेवलपमेंट ब्लॉगर्स को कुरुक्षेत्र आमंत्रित किया गया था। इन्फ्लुएंसर्स ने कुरुक्षेत्र के चार प्रमुख स्थलों का गहन दौरा किया। इनमें कुरुक्षेत्र का ड्रीम प्रोजेक्ट रेलवे एलिवेटेड ट्रैक, गरीब बच्चों का भविष्य संवारने वाला सुपर-100 सेंटर, महाभारत काल में लेकर जाने वाला महाभारत अनुभव केंद्र ज्योतिसर, आस्था और स्वच्छता का संगम पवित्र ब्रह्मसरोवर शामिल रहे।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के ये इन्फ्लुएंसर अपने इंस्टाग्राम, यूट्यूब और फेसबुक पर 50 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स रखते हैं। इनके द्वारा बनाई गई वीडियो और रील्स से कुरुक्षेत्र के पर्यटन और विकास कार्यों को राष्ट्रीय पहचान मिलेगी।
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग उत्तराखंड के असिस्टेंट डायरेक्टर रामपाल सिंह रावत के नेतृत्व में इन्फ्लुएंसर्स का काफिला सबसे पहले कुरुक्षेत्र के बहुप्रतीक्षित रेलवे एलिवेटेड ट्रैक प्रोजेक्ट पर पहुंचा। इस प्रोजेक्ट को देखकर इन्फ्लुएंसर हैरान रह गए। यह हरियाणा का ऐसा प्रोजेक्ट है, जहां शहर के बीचों-बीच 5 फाटकों को खत्म करके 6 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड ट्रैक बनाया गया है। इससे थानेसर शहर को जाम से पूरी तरह मुक्ति मिली है। इन्फ्लुएंसर ने कहा कि हमने पहाड़ों में कई टनल और ब्रिज देखे हैं, लेकिन शहर के अंदर इतना बड़ा एलिवेटेड रेलवे ट्रैक बनाना वाकई इंजीनियरिंग का कमाल है। इससे लोगों का समय बचेगा और शहर का विकास और तेज होगा।
इन्फ्लुएंसर्स दल सुपर-100 सेंटर कुरुक्षेत्र पहुंचा। यहां जिले के सरकारी स्कूलों के होनहार गरीब बच्चों को आईआईटी, जेईई और एनईईटी की फ्री कोचिंग, हॉस्टल और खाना दिया जाता है। इन्फ्लुएंसर्स ने वहां पढ़ रहे बच्चों से बात की, उनकी क्लास देखी और लाइब्रेरी का दौरा किया। बच्चों ने बताया कि कैसे सुपर-100 ने उनका डॉक्टर और इंजीनियर बनने का सपना पूरा करने में मदद की है।
इन्फ्लुएंसर ने अपने व्लॉग में कहा कि यह सिर्फ एक सेंटर नहीं, बल्कि गरीब बच्चों के सपनों की फैक्ट्री है। हरियाणा सरकार का यह मॉडल पूरे देश में लागू होना चाहिए। यहां आकर पता चला कि सरकार सिर्फ सड़कें ही नहीं भविष्य भी बना रही है।
इन्फ्लुएंसर्स दल का सबसे आकर्षक दौरा महाभारत अनुभव केंद्र ज्योतिसर का रहा। इस विश्व स्तरीय महाभारत अनुभव केंद्र में अत्याधुनिक 3डी प्रोजेक्शन, वीआर तकनीक और लाइट एंड साउंड शो के जरिए महाभारत और गीता के उपदेश को जीवंत किया गया है। इन्फ्लुएंसर्स ने यहां गीता के 18 अध्यायों पर आधारित शो देखा और भगवान श्रीकृष्ण द्वारा अर्जुन को गीता का उपदेश देने वाले स्थान की परिक्रमा की। उन्होंने यहां जमकर फोटो और वीडियो शूट किए।
ब्लॉगर ने कहा कि हम उत्तराखंड को देवभूमि कहते हैं, लेकिन कुरुक्षेत्र धर्मभूमि है। यहां की तकनीक और अध्यात्म का संगम अद्भुत है। महाभारत अनुभव केंद्र को देखकर ऐसा लगा जैसे हम 5000 साल पीछे चले गए हों। हम अपने उत्तराखंड के लोगों को जरूर कहेंगे कि एक बार कुरुक्षेत्र आकर महाभारत अनुभव केंद्र जरूर देखें।”
इन्फ्लुएंसर्स दल ने पवित्र ब्रह्मसरोवर का दौरा किया। इन्फ्लुएंसर्स ने ब्रह्मसरोवर की आरती में भाग लिया और वहां के इतिहास के बारे में केडीबी के अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि ब्रह्मसरोवर का रखरखाव और स्वच्छता देखकर बहुत अच्छा लगा। यह पर्यटन और आस्था का बेहतरीन उदाहरण है।
दौरे के अंत में सभी इन्फ्लुएंसर्स ने कहा कि कुरुक्षेत्र ने उनकी सोच बदल दी है। उन्होंने सोचा था कि कुरुक्षेत्र सिर्फ एक धार्मिक स्थल है, लेकिन यहां आकर देखा कि यह विकास, शिक्षा और तकनीक में भी बहुत आगे निकल चुका है।





