शाहाबाद 10 अक्टूबर 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने शाहाबाद अनाज मंडी का दौरा कर धान खरीद और उठान व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने शाहाबाद मंडी में खरीद और उठान की व्यवस्था को बेहतर बताते हुए कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की धान का एक-एक दाना खरीदेगी और किसी भी किसान को परेशानी नहीं आने दी जाएगी। इस दौरान हरियाणा राज्य सहकारी कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के चेयरमैन सुभाष कलसाना भी उनके साथ मौजूद रहे। कृषि मंत्री ने कहा कि उन्होंने एक ही दिन में अंबाला शहर, साहा, मुलाना और शाहाबाद की अनाज मंडियों का दौरा किया है। इन मंडियों में शाहाबाद की व्यवस्था सबसे बेहतर रही है। मंडी में कुल धान आवक का 42 प्रतिशत उठान होना यहां की बेहतर कार्यप्रणाली का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र जिले में धान की खरीद के लिए प्रति एकड़ 29 क्विंटल की सीमा निर्धारित है। यदि किसी किसान की फसल का उत्पादन इससे अधिक है तो वह इसकी सूचना मंडी सचिव को दे। मंडी सचिव इस मामले की जानकारी एसडीएम, उपनिदेशक कृषि और उपायुक्त को दें ताकि किसानो की फसल का दाना दाना ख़रीदा जा सके।
गड़बड़ी मिलने पर होगी सख्त कार्रवाई
धान की फसल को तुलाई से पहले सीधे चावल मिल परिसर में भेजने के संबंध में पूछे गए सवाल पर कृषि मंत्री ने कहा कि जिन मंडियों में जगह की कमी है, वहां किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन नियमानुसार अनुमति ले सकता है। हालांकि, इस व्यवस्था में किसी प्रकार की गड़बड़ी या भ्रष्टाचार की शिकायत मिलती है तो सरकार सख्त कार्रवाई करेगी। कृषि मंत्री ने किसानों से अपील की कि वे धान को अच्छी तरह सुखाकर ही मंडियों में लेकर आएं। खरीद के लिए धान में नमी की मात्रा 17 प्रतिशत तक निर्धारित है। उन्होंने कहा कि खरीद एजेंसियां निर्धारित मानकों के अनुसार धान खरीद रही हैं और किसानों को पूरा तोल व पूरा मूल्य देने के सिद्धांत पर भुगतान किया जा रहा है।
किसानों के आंकड़ों का सत्यापन नहीं होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि 29 सितंबर के बाद का कुछ डाटा सत्यापित होना बाकी है। इस संबंध में आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं और जल्द ही सत्यापन पूरा कर लिया जाएगा।
किसानों की धान का समय पर हो रहा भुगतान : सुभाष कलसाना
चेयरमैन सुभाष कलसाना ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी धान खरीद व्यवस्था पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। सरकार की प्राथमिकता है कि किसानों को फसल बेचने में किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर भुगतान किया जा रहा है और शाहाबाद अनाज मंडी में धान का उठान भी तेजी से हो रहा है।
आढ़तियों, किसानों और प्रशासन का मिल रहा सहयोग : तूर
मार्केट कमेटी के सचिव कर्ण राज सिंह तूर ने कहा कि धान सीजन के दौरान आढ़तियों, किसानों और प्रशासनिक अधिकारियों का पूरा सहयोग मिल रहा है। इसी के चलते शाहाबाद अनाज मंडी में खरीद और उठान का कार्य तेजी से चल रहा है। उन्होंने कहा कि जो एक-दो समस्याएं सामने आ रही हैं, उनका समाधान भी जल्द कर दिया जाएगा।
इस अवसर पर एसडीएम शंभू राठी, मार्केट कमेटी सचिव कृष्ण कुमार मलिक, मार्केट कमेटी चेयरमैन कर्ण राज सिंह तूर, वाइस चेयरमैन तिरलोचन सिंह हांडा, मंडी प्रधान धनपत राय अग्रवाल, मंडी प्रधान बिट्टू कालड़ा, पार्षद दीपक आनंद, अधिवक्ता मनदीप रावा, रिंकू चहल, रोहित सैनी यारा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।





