पटियाला, 02 सितंबर,2026 (छत्रपाल सिंह): श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित पंजाब सरकार द्वारा आयोजित किए जा रहे कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत खेल विभाग द्वारा आज पटियाला में ‘समानता, एकता और भाईचारे के लिए मैराथन दौड़’ का आयोजन किया गया। पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने इस मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि श्री गुरु रविदास जी की बाणी और शिक्षाएं युवाओं सहित समाज के हर वर्ग को अनंत काल तक प्रेरित करती रहेंगी। उन्होंने कहा कि श्री गुरु रविदास जी ने मानवता को समानता, आपसी भाईचारे और एकता का संदेश दिया, जिसकी आज के समय में और भी अधिक महत्ता है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि गुरु साहिब की शिक्षाएं हमारे युवाओं और बच्चों को साइबर बुलिंग और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने के लिए दृढ़ संकल्पित बनाने में भी सहायक हो रही हैं। उन्होंने कहा कि यह खुशी की बात है कि नए आंकड़ों के अनुसार हमारे बच्चे नशे की बुराई के प्रति अधिक जागरूक हो रहे हैं और नशे से दूर रहने का संकल्प ले रहे हैं।
डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि गुरु जी की महान बाणी, विचारधारा और मानवता को जोड़ने वाला संदेश घर-घर तक पहुंचाया जा सके।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ का पोर्टल भी लॉन्च किया। मैराथन के विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए गए। परमिंदर पहलवान ने उपस्थित युवाओं और बच्चों को नशे के खिलाफ शपथ भी दिलाई।
जिला खेल अधिकारी नवजोत सिंह धालीवाल ने बताया कि मैराथन पोलो ग्राउंड से शुरू होकर वाईपीएस चौक, एन.आई.एस. चौक और फव्वारा चौक से होते हुए वापस पोलो ग्राउंड में समाप्त हुई। मैराथन में प्रतिभागियों ने लगभग पांच किलोमीटर की दूरी तय की और युवाओं एवं बच्चों ने भारी उत्साह के साथ इसमें भाग लिया।
इस अवसर पर नगर निगम पटियाला के मेयर कुंदन गोगिया, एस.डी.एम. गुरदेव सिंह, जतविंदर ग्रेवाल सहित बड़ी संख्या में कोच, खिलाड़ी, विद्यार्थी और युवा उपस्थित थे।






